तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –
रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी
केतार शुक्रवार के दिन पूरे प्रखंड में धूमधाम से बसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा मनायी गयी। पूजा समितियों तथा शैक्षणिक संस्थानो में प्रतिमा स्थापित कर विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना की गई। खासकर स्कूली बच्चों में सरस्वती पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह लोगों ने मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार कर धूमधाम से पूजा अर्चना की गई।
पूजा को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उमंग व उत्साह का माहौल बना रहा। कई जगहों पर आकर्षक पूजा पंडाल निर्माण के साथ अच्छी सजावट की गई। मां सरस्वती का पट खुलते ही विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का आना-जाना पूरे दिन लगा रहा।छात्र -छात्राओं ने अपने अपने घरों में भी सरस्वती प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। बुजुर्ग और गणमान्य लोग विभिन्न पूजा स्थलों पर जाकर मां सरस्वती का दर्शन कर प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। इस अवसर पर चारों तरफ बज रहे भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। केतार प्रखंड के पुरोहित नें बताया की माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को बसंत पंचमी का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन विवेक, बुद्धि और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है।
यह भी कहा जाता है कि इसी दिन विद्या की देवी मानी जाने वाली मां सरस्वती का प्राकट्य हुआ था।पंचांग के अनुसार आज यानी 23 जनवरी, दिन शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व पूरे प्रखंड में धूमधाम से मनाया जा रहा है।आज के दिन मां सरस्वती की पूजा करने से भक्त को विद्या, बुद्धि, सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है। बसंत पंचमी को हिन्दू पंचांग के अनुसार सबसे शुभ दिन माना गया है। पंचांग के अनुसार चार ऋतु में सबसे श्रेष्ठ ऋतू बसंत ऋतु को माना गया है। बता दें की वैदिक काल से ही ज्ञान और कला की देवी मां सरस्वती की आराधना विद्यार्थी, शिक्षाविद, कवि, लेखक, गायक, वादक, नर्तक, नाटककार, चित्रकार सभी अपनी तरह से करते हैं। छात्र-छात्राओं को अपने शिक्षण संस्थानों के अलावा अपने-अपने घरों में पूरी श्रद्धा के साथ विद्या की देवी मां शारदे की आराधना करते देखा गया।बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी उच्च विद्यालय केतार, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,सनातन संस्कृति युवा मण्डल की ओर से सम्पूर्ण साज सज्जा आकर्षण का केंद्र रही।इस प्रकार सरस्वती पूजा का प्रथम दिवस हर्षोल्लास व धूमधाम से संपन्न हो गया।






