तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/रॉबर्ट्सगंज।
कानून के रखवालों पर हाथ उठाने वालों के खिलाफ आखिरकार पुलिस का डंडा चल ही गया। लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ हुई बर्बर मारपीट के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिलेभर में हड़कंप मच गया था।
मामला रविवार दोपहर करीब तीन बजे का है, जब अधिवक्ता आरती पाण्डेय अपने परिजनों के साथ ओबरा से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रही थीं। लोढ़ी टोल प्लाजा के लेन नंबर तीन में तकनीकी खराबी के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी को लेकर टोल कर्मियों और वाहन सवारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
आरोप है कि टोल कर्मियों ने आपा खोते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से अधिवक्ता के परिजनों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं महिला अधिवक्ता के साथ भी अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस हमले में कई लोग घायल हुए, जिन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो राहगीर द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश फैल गया। वकीलों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की आवाज बुलंद की।
पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए रामजी तिवारी (निवासी हमीरपुर) व सर्वेश यादव (निवासी अंबेडकर नगर) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य 7 से 8 टोल कर्मियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।






