ब्रेकिंग न्यूज़ : सोनभद्र में क्रेशर व्यवसायी की निर्मम हत्या, खनन कारोबार में मचा हड़कंप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।जनपद सोनभद्र में बीती रात एक क्रेशर व्यवसायी की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने क्रेशर प्लांट पर सो रहे व्यवसायी की सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं खनन और क्रेशर कारोबार से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है।मृतक की पहचान विष्णु हरि उपाध्याय के रूप में हुई है, जो गिरधर स्टोन के स्वामी माधव हरि उपाध्याय के भाई बताए जा रहे हैं। वारदात ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बग्घानाला के पास स्थित क्रेशर प्लांट पर उस समय हुई, जब विष्णु हरि उपाध्याय प्लांट परिसर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाने में जुट गई है। साथ ही, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
इस सनसनीखेज हत्या की खबर फैलते ही खनन और क्रेशर व्यवसाय से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। व्यवसायियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। कई कारोबारियों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग भी की है।फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आपसी रंजिश, व्यवसायिक विवाद या अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment