तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/चोपन। रंगों के पर्व होली के अवसर पर चोपन नगर में शनिवार को जायसवाल समाज का भव्य होली मिलन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चोपन नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया।
समारोह की शुरुआत समाज के वरिष्ठजनों और अतिथियों के स्वागत-सम्मान से हुई। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का जायसवाल समाज चोपन के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी, जिससे पूरा माहौल रंगों और खुशियों से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में माताओं और बहनों की सहभागिता भी खास आकर्षण रही। महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर समारोह में उल्लास और उत्साह का माहौल बना दिया। गुलाल और फूलों की खुशबू के बीच लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर पर्व की मिठास साझा की।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि चोपन नगर में पहली बार इस तरह का होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना और आपसी संबंधों को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के सहयोग से कार्यक्रम बेहद सफल रहा और भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर आयोजन किए जाएंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने समाज में एकता और संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में फैले मतभेद और विघटन को समाप्त कर सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। जब समाज एक मंच पर आएगा, तभी राजनीति, शिक्षा, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में उसकी भागीदारी मजबूत होगी।
उन्होंने सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके इतिहास को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं, जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है। इसके लिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर समाज के इतिहास और गौरव को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल लगातार समाज के उत्थान और संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। इस तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज के लोगों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है और आपसी सहयोग तथा एकजुटता की भावना मजबूत होती है।वहीं प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश जायसवाल ने कहा कि जायसवाल क्लब देश के 23 राज्यों में समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है। संगठन लगातार समाज के लोगों को जागरूक करने और उन्हें संगठित करने के लिए प्रयासरत है।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र जायसवाल, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश जायसवाल, सचिव हेमंत जायसवाल, हाइडिल उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल, लक्ष्मी जायसवाल (कोन), सुधीर जायसवाल, जायसवाल यूथ क्लब के जिला अध्यक्ष राजेश जायसवाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट ईश्वर जायसवाल एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारे और एकता को और मजबूत करते हैं।






