हूटर का घमंड चूर-चूर सोनभद्र पुलिस का VIP कल्चर पर बुलडोजर एक्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले में VIP कल्चर का दिखावा करने वालों पर पुलिस ने ऐसा करारा प्रहार किया कि देखने वालों की भीड़ जुट गई। गुरुवार को लोढ़ी टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत अवैध हूटर और लाल-नीली बत्ती लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही “अहंकार की आवाज” को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए इस विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने एक-एक कर दर्जनों गाड़ियों को रोका। जैसे ही जांच शुरू हुई, कई वाहन चालक घबराते नजर आए। कुछ ने नियमों का हवाला देने की कोशिश की, तो कुछ चुपचाप अपनी गाड़ी से हूटर उतरवाते दिखे। लेकिन इस बार पुलिस पूरी तैयारी में थी—ना कोई बहाना चला, ना कोई सिफारिश।
हूटर उतरे, और फिर चला जेसीबी का पंजा!
चेकिंग के दौरान जब अवैध हूटर और बत्तियां उतार ली गईं, तो पुलिस ने एक ऐसा कदम उठाया जिसने पूरे इलाके में संदेश साफ कर दिया—अब VIP कल्चर बर्दाश्त नहीं होगा। जब्त किए गए हूटरों को मौके पर ही जेसीबी मशीन के नीचे डालकर कुचल दिया गया। हूटरों के टूटने की आवाज ने मानो “फर्जी रौब” की कहानी खत्म कर दी।
पुलिस का साफ संदेश: कानून से ऊपर कोई नहीं
अधिकारियों ने साफ कहा कि सड़क पर नियम तोड़कर VIP बनने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। हूटर और लाल-नीली बत्ती सिर्फ अधिकृत वाहनों के लिए ही हैं, आम लोगों द्वारा इसका इस्तेमाल पूरी तरह गैरकानूनी है।
जनता ने भी सराहा एक्शन
इस कार्रवाई को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना था कि सड़कों पर फर्जी रौब दिखाने वालों से आम जनता परेशान रहती है, ऐसे में यह कार्रवाई जरूरी थी।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने चेतावनी दी है कि जिले में आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर न सिर्फ जुर्माना लगेगा, बल्कि इसी तरह सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Comment