तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/शक्तिनगर
जनपद में अपराध और अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत तस्कर की संपत्ति पर शिकंजा कस दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अपराधियों में खौफ का माहौल साफ नजर आने लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्तिनगर थाना क्षेत्र के निमियाटाड़ बस्ती निवासी कुख्यात तस्कर सुनील भारती पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को कुर्क कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से हेरोइन तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त था और इसी धंधे से उसने लाखों रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली थी।
ऐसे हुआ खुलासा:
पुलिस की जांच में सामने आया कि सुनील भारती ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन का उपयोग कर एक चमचमाती स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत लगभग ₹6.90 लाख) और एक स्कूटी (कीमत करीब ₹90 हजार) खरीदी थी। यह दोनों वाहन उसकी काली कमाई का प्रत्यक्ष प्रमाण बने।
डीएम के आदेश पर बड़ी कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई और जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से दोनों वाहनों को कुर्क कर लिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले:
सूत्रों के मुताबिक आरोपी सुनील भारती के खिलाफ पहले से ही NDPS एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद वह लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा, जिसके चलते पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत यह बड़ी कार्रवाई की।
क्षेत्र में मचा हड़कंप, अपराधियों में खौफ:
इस कार्रवाई के बाद शक्तिनगर और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इस सख्ती से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत होगी।
पुलिस का सख्त संदेश:
पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपराध से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर इसी तरह कुर्क करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





