ओबरा थाना में एसपी का औचक निरीक्षण: लंबित मामलों पर बरसी सख्ती

IMG-20260412-WA0005

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र),
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को ओबरा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में हलचल तेज हो गई और पुलिसकर्मियों में कार्यप्रणाली को लेकर सतर्कता साफ देखने को मिली।एसपी ने सबसे पहले थाना अभिलेखों, रजिस्टरों और कार्यालयी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने लंबित विवेचनाओं और आईजीआरएस (जन शिकायत) पोर्टल पर दर्ज मामलों की बारीकी से समीक्षा की। कई मामलों में अनावश्यक देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि गुणवत्ता और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायतकर्ता को समयबद्ध न्याय मिले और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और विवेचनाओं में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।निरीक्षण के दौरान एसपी अभिषेक वर्मा ने थाना परिसर में संचालित मिशन शक्ति केंद्र का भी जायजा लिया। यहां महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही एसपी ने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर कार्यशैली में सुधार, अनुशासन और जनसंपर्क बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के व्यवहार से बनती है, इसलिए हर पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
निरीक्षण के अंत में एसपी ने साफ संदेश दिया कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। वहीं, बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
इस औचक निरीक्षण से जहां पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा, वहीं आम जनता को यह भरोसा भी मिला कि जिले में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और गंभीर है

About the Author

Leave a Reply