डॉक्टरों की कमी से जूझता मेडिकल सिस्टम हर घर जल पर उठे सवाल सड़कों पर उतरी सपा

IMG-20260417-WA0006

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जनपद में बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था और पानी की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर स्वास्थ्य विभाग और जलापूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता प्रमोद यादव ने स्वास्थ्य विभाग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। खासकर गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो सरकार के दावों की पोल खोल रहा है।
प्रमोद यादव ने कहा कि “सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत यह है कि अस्पतालों में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिना इलाज लौटना पड़ता है।”
सपा कार्यकर्ताओं ने ‘हर घर जल’ योजना को भी पूरी तरह फेल बताते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पानी की सप्लाई अनियमित है। कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, जबकि सरकार कागजों में योजना को सफल दिखा रही है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जल निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण आम जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही स्वास्थ्य और पानी की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो सपा कार्यकर्ता बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर हालात में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

About the Author

Leave a Reply