मीटर चालू या जेब चालू? कॉलिनडूबा पेट्रोल पंप पर ग्राहकों का फूटा गुस्सा

IMG-20260422-WA0003

कम तेल, पहले से चल रहा मीटर और बिना बिल—ग्रामीणों ने कहा यह सेवा नहीं सीधी लूट है*

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

विंढमगंज (सोनभद्र)
थाना क्षेत्र के कॉलिनडूबा स्थित पेट्रोल पंप एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। यहां लगातार मिल रही गड़बड़ियों की शिकायतों ने स्थानीय लोगों का पारा चढ़ा दिया है। ग्राहकों का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर न केवल कम तेल दिया जा रहा है, बल्कि मीटर में भी पहले से राशि सेट कर दी जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को चुपचाप चूना लगाया जा रहा है।
मामला तब उजागर हुआ जब एक जागरूक ग्राहक ने अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पेट्रोल भरवाना शुरू किया तो मीटर पहले से ही 160 रुपये दिखा रहा था। विरोध करने के बावजूद कर्मचारी ने जल्दबाजी में पेट्रोल भरकर मीटर को 200 रुपये तक पहुंचा दिया। ग्राहक का आरोप है कि इस दौरान वास्तविक पेट्रोल की मात्रा काफी कम थी।
इतना ही नहीं, कई अन्य ग्रामीणों ने भी इसी तरह की शिकायतें दोहराईं। उनका कहना है कि पंप पर अक्सर कम पेट्रोल दिया जाता है और बिल देने से भी कतराया जाता है। कुछ लोगों ने बताया कि जब वे बिल मांगते हैं, तो कर्मचारियों द्वारा बहाने बनाकर टाल दिया जाता है।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले को उपभोक्ता अधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए इसे “जेब पर डकैती” करार दिया है। उनका कहना है कि पेट्रोल पंप जैसे जरूरी सेवा केंद्र पर इस तरह की लापरवाही और धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पेट्रोल पंप की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर शिकायत पर कब तक संज्ञान लेते हैं और क्या कार्रवाई सामने आती है, या फिर यूं ही ग्राहकों की जेब कटती रहेगी।

About the Author

Leave a Reply