प्रयागराज: गंगा स्नान के दौरान हादसा, शिवकुटी में डूबने से दो प्रतियोगी छात्र लापता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

प्रयागराज। संगम नगरी में गंगा की लहरें एक बार फिर काल बन गईं। शनिवार शाम शिवकुटी थाना क्षेत्र के कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास स्नान करने गए दो प्रतियोगी छात्र गहरे पानी में जाने के कारण लापता हो गए। देर रात तक पुलिस और जल पुलिस की टीमें सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं, लेकिन छात्रों का कोई सुराग नहीं लग सका।

लखीमपुर खीरी के रहने वाले अधीर रंजन सिंह (17 वर्ष) और हिमांशु पांडे प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वे अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ शिवकुटी स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे।
अचानक हुआ हादसा: स्नान के दौरान अधीर और हिमांशु पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक तेज धारा की चपेट में आ गए।
दोस्तों की कोशिश रही नाकाम: घाट पर मौजूद उनके साथियों ने उन्हें डूबता देख बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते दोनों आंखों से ओझल हो गए।

प्रयागराज में हर साल दर्जनों लोगों की मौत डूबने से होती है, लेकिन इसके बावजूद घाटों पर न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही खतरनाक पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की पुख्ता व्यवस्था है।

Leave a Comment