बस स्टैंड क्षेत्र में नाली निर्माण की मांग, व्यापार मंडल अध्यक्ष ने ईओ को सौंपा प्रार्थना पत्र

IMG-20260507-WA0004

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 के निवासियों और व्यापारियों ने दक्षिणी दुद्धी-म्योरपुर मार्ग पर बरसाती पानी की निकासी के लिए पक्की नाली निर्माण की मांग की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, दुद्धी के अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल ने बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि दुद्धी-म्योरपुर मार्ग पर उत्तरी बस स्टैंड के किनारे नाली का निर्माण कराया गया है, लेकिन दक्षिणी बस स्टैंड क्षेत्र में पिछले करीब 40 वर्षों से नाली न होने के कारण हल्की बारिश में भी दुकानों और घरों में पानी घुस जाता है। इससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों का कहना है कि पान, फल, चाय, मोबाइल, इलेक्ट्रिक, किराना और श्रृंगार की दुकानों में पानी भरने से सीलन की समस्या बढ़ गई है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि जानलेवा बीमारियों और संक्रामक रोगों का भी खतरा बना हुआ है। इलाज पर अतिरिक्त खर्च भी लोगों के लिए बोझ साबित हो रहा है।
अमरनाथ जायसवाल ने मांग की है कि बचनू पान दुकान से अनिल कुमार हलवाई के मकान तक तथा तहसील दुद्धी मोड़ तक तत्काल पक्की नाली का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण होने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

About the Author

Leave a Reply