ओबरा रॉबर्ट्सगंज, डाला और अनपरा में चला धूल नियंत्रण का महाअभियान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलाधिकारी ने मौके की स्थिति पर रखी पैनी नजर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद में लगातार बढ़ रहे धूल प्रदूषण और खराब होती वायु गुणवत्ता को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने डस्ट नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की कमान खुद संभालते हुए नगर पंचायत ओबरा, नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, नगर पंचायत डाला और अनपरा क्षेत्र में स्मोक गन के माध्यम से किए जा रहे छिड़काव कार्य की लाइव मॉनिटरिंग की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे मैदान से जुड़कर उन्होंने न केवल कार्यों की हकीकत देखी, बल्कि मशीनें चला रहे ड्राइवरों और मौके पर मौजूद अधिकारियों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं की पड़ताल भी की।
जिलाधिकारी ने स्मोक गन वाहनों के संचालन, छिड़काव के समय, प्रभावित क्षेत्रों और प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि जिन इलाकों में धूल और प्रदूषण की समस्या अधिक है, वहां नियमित और प्रभावी छिड़काव हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वातावरण स्वच्छ बनाया जा सके।
लाइव निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई स्थानों की वास्तविक स्थिति को गंभीरता से देखा और अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि डस्ट नियंत्रण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा जनपद में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि नगर निकाय, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करें। सड़कों, खनन प्रभावित क्षेत्रों, औद्योगिक इलाकों और अधिक धूल वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमित छिड़काव कराया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में उड़ती धूल लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए प्रशासन किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतेगा।
प्रशासन की इस सख्ती और सक्रिय निगरानी से नगर निकायों में भी हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर कार्यों की मॉनिटरिंग करने और प्रतिदिन की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जनपद में डस्ट नियंत्रण को लेकर और बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को प्रदूषण से राहत मिल सके और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment