तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में हर घर जल योजना लोगों के लिए राहत की बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। करीब एक वर्ष पूर्व पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदी गई सड़कें आज तक बदहाल पड़ी हैं, जबकि अधिकांश घरों तक अब तक पानी की सप्लाई भी शुरू नहीं हो सकी है। अधूरे निर्माण और उखड़ी सड़कों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
बीजपुर बाजार, राय कॉलोनी, शांति नगर सहित कई मोहल्लों में सड़कें जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के बाद विभाग और कार्यदायी संस्था ने सड़क मरम्मत की ओर ध्यान ही नहीं दिया। बरसात और तेज धूप के कारण सड़कें और अधिक खराब हो गई हैं, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बाइक और साइकिल सवार आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन घरों तक कनेक्शन नहीं पहुंचा। कहीं पाइप खुले पड़े हैं तो कहीं सड़क किनारे मिट्टी के ढेर जमा हैं। लोगों का कहना है कि एक साल बीतने के बाद भी न तो सड़क बनी और न ही नलों में पानी आया। ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि उखड़ी सड़कों और धूल-मिट्टी के कारण बाजार की स्थिति खराब हो गई है। ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है और पूरी सड़क कीचड़ में बदल जाती है। कई मोहल्लों में रात के समय हादसे का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाए और जिन घरों में अब तक पानी का कनेक्शन नहीं पहुंचा है वहां तत्काल सप्लाई शुरू कराई जाए। लोगों का कहना है कि “हर घर जल” योजना का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना था, लेकिन बीजपुर में यह योजना अब लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है।





