तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)एनटीपीसी रिहंद में राख ढुलाई का काम लगातार तीसरे दिन भी पूरी तरह ठप रहा। भाड़े में बढ़ोतरी की मांग को लेकर स्थानीय ट्रांसपोर्टर और वाहन मालिकों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा।आंदोलनकारी वाहन मालिक मांगों पर अड़े हुए हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक चक्का जाम रहेगा।धरने पर बैठे वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि हड़ताल के तीन दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित ठेकेदारों ने गतिरोध को दूर करने के लिए बातचीत की कोई पहल नहीं की है।जब तक भाड़े में सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और हमारी जायज मांगें नहीं मानी जाएंगी तब तक एक भी गाड़ी का पहिया नहीं हिलेगा।यह आंदोलन मांगें पूरी होने तक अनवरत जारी रहेगा।राख ढुलाई के वाहनों के पहिये थमने से एनटीपीसी की राख निस्तारण व्यवस्था पर सीधा असर पड़ रहा है। तीन दिनों से काम ठप होने के कारण भारी मात्रा में राख का उठाव रुका हुआ है जिससे आने वाले दिनों में संयंत्र प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।गुरुवार को धरना स्थल पर ट्रांसपोर्टरों की एकजुटता दिखाने के लिए भारी संख्या में मोटर मालिक मौजूद रहे। इस आंदोलन को स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी खुला समर्थन मिल रहा है।मौके पर मुख्य रूप से अरविंद सिंह भाजपा नेता,सतवंत सिंह बजरंग दल नेता,बग्गा सिंह,शिवधारी गुप्ता,केदारनाथ यादव सपा नेता ने ट्रांसपोर्टरों की मांग को जायज बताते हुए प्रशासन और ठेकेदारों से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और बीच का रास्ता निकालने की मांग की है ताकि क्षेत्र के सैकड़ों चालकों और मालिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो।






