सोनभद्र में विकास का महाकुंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का भव्य प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को सोनभद्र में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी का शानदार शुभारंभ हुआ। पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विकास, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित लोगों को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ दिया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अब बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मातृ वंदना योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, स्मार्टफोन, आर्थिक सहायता के चेक तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। वहीं समाजसेवा और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सोनभद्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जनपद में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। तकनीकी नवाचारों और आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण से आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की उपलब्धियों, नवाचारों और विकास परियोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और सरकार की जनहितकारी पहलों की सराहना की।
इस अवसर पर घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
चार दिनों तक चलने वाली यह विकास प्रदर्शनी जिलेवासियों को सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प से रूबरू कराएगी, जहां आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई जाएगी।

Leave a Comment