तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी सोनभद्र। तहसील के सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने की और जनसुनवाई कर सभी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रार्थना पत्र का निस्तारण मौके पर जाकर, दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद ही किया जाए। पक्षपात की शिकायत मिलने व पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों/कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मामलों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण करने का आदेश दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर पुलिस उपाधीक्षक पिपरी हर्ष पांडेय, बीडीओ दुद्धी रामविशाल चौरसिया तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






