पुत्र ने पिता पर लाठी डंडे से किया हमला ,मौत, जांच में जुटी पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पकरी में रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे हुए घरेलू विवाद के दौरान एक पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात घर में पिता और पुत्र के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पुत्र सोनू ने डंडे से अपने पिता के सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले गए, जहाँ चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि घायल करने के आरोप में पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधिकारीयों ने कहा कि घटना से संबंधित साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है और परिवार को शांति बनाए रखने तथा कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए कहा गया है।
स्थानीय ग्रामवासियों ने बताया कि मृतक अक्सर बेरोजगार पुत्र को काम करने के लिए कहता था और इसी बात पर दोनों के बीच बहस होती रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात भी यह विवाद इसी कारण हुआ था; कुछ लोगों ने कहा कि पिता ने पुत्र को चार-पाँच थप्पड़ भी मारे, जिसके बाद पुत्र ने गुस्से में आकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोपी की पत्नी लगभग चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जबकि मृतक का एक और विवाहित पुत्र बाहर कार्यरत है और पुत्रवधू मायके में है।
घटना के बाद मृतक की पत्नी और परिवार गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में शोक की लहर है।

Leave a Comment