शहीदों की धरती करारी में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का स्वर, काव्य संध्या में होगा साहित्य के दो नक्षत्रों का भव्य सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। शहीदों की अमर गाथाओं को नमन करने और साहित्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने के उद्देश्य से करारी शहीद स्थल एक बार फिर ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। शहीद स्थल प्रबंधन ट्रस्ट, करारी के तत्वावधान में रविवार, 5 जुलाई की शाम “राष्ट्र वंदन काव्य संध्या एवं अभिनंदन समारोह” का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति, साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण वह होगा, जब वाराणसी के प्रख्यात साहित्यकार सीताराम राय और विक्रांत बनारसी को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित “साहित्य शिरोमणि अलंकरण” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार रामनाथ शिवेन्द्र करेंगे। कार्यक्रम में देशभक्ति और ओजपूर्ण रचनाओं से वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगने के लिए कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान, धर्मेश चौहान, प्रभात सिंह चंदेल, सुशील मिश्रा, अशोक तिवारी, दिलीप सिंह ‘दीपक’, सुधाकर पांडेय ‘स्वदेशप्रेम’ तथा दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ सहित कई प्रतिष्ठित कवि अपनी प्रभावशाली कविताओं का पाठ करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत करारी शहीद स्थल पर स्थापित अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत काव्य संध्या का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।
संस्था प्रमुख एवं कवि प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने बताया कि यह आयोजन केवल साहित्यिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने सभी साहित्य प्रेमियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Comment