15 करोड़ से ज्यादा के नशे का ‘दहन सोनभद्र पुलिस ने 1.89 टन गांजा-हेरोइन को आग के हवाले कर तस्करों को दिया बड़ा संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत विभिन्न एनडीपीएस मामलों में जब्त किए गए भारी मात्रा में गांजा और हेरोइन का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण (नष्ट) कराया गया। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 145 एनडीपीएस मामलों में बरामद 1,897.811 किलोग्राम गांजा एवं हेरोइन को अधिकृत समिति की निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15.24 करोड़ रुपये आंकी गई है।
विनिष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित मानकों और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और सभी आवश्यक औपचारिकताओं का पालन सुनिश्चित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।
सोनभद्र पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। लोगों के सहयोग से नशा मुक्त और सुरक्षित समाज बनाने की दिशा में अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave a Comment