अपना दल (एस) की मासिक बैठक, बूथ सशक्तिकरण और जनसेवा पर जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। अपना दल (एस) की विधानसभा दुद्धी (403) की मासिक बैठक उत्सव वाटिका कचहरी रोड पर आज शुक्रवार विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव एवं विधानसभा प्रभारी राकेश यादव रहे। विशेष अतिथि के तौर पर जिला महासचिव एवं विधानसभा सहप्रभारी मुकेश तरंग और हरि प्रसाद सलबंधी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य वक्ता राकेश यादव ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही आती है। उन्होंने प्रत्येक बूथ, सेक्टर और जोन को सशक्त करने तथा संगठन विस्तार के साथ जनसंपर्क अभियान को और तेज़ करने पर बल दिया। सभी पदाधिकारियों से अनुरोध किया गया कि बूथ‑स्तर पर लगातार कार्य कर पार्टी की आधारशिला को मजबूत करें।
मुकेश तरंग ने अनुशासन और सक्रियता को जनता का विश्वास जीतने का मूल सूत्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपने दायित्वों को निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करते हुए संगठन को कमेटी स्तर तक मजबूती से ले जाना चाहिए।

अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने कहा कि “संगठन का सम्मान ही कार्यकर्ता का सम्मान है। जब प्रत्येक कार्यकर्ता खुद को संगठन के प्रति जवाबदेह समझ कर समर्पण से कार्य करेगा, तब संगठन स्वतः मजबूत होगा और जनता का विश्वास बढ़ेगा। हमारा लक्ष्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सेवा और विश्वास के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पहुँच बनाना है।”
बैठक के दौरान लखनऊ में आयोजित “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम में दुद्धी विधानसभा के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री दीदी अनुप्रिया पटेल को दुद्धी विधानसभा की ओर से आदिवासी संस्कृति का प्रतीक तीर‑धनुष और पारंपरिक आदिवासी टोपी भेंट किया गया, जिसे क्षेत्र की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक बताया गया।
बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहम्मद हसनैन, विधानसभा महासचिव रमेश कुमार गुड्डू, जोन अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, जोन उपाध्यक्ष रमेश पासवान, रवि कुमार गुप्ता, महेंद्र जायसवाल, सोहर लाल आयाम, भगवान दास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment