तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –
रविवार को इस्कॉन कानपुर द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्यतम श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष की रथयात्रा सायं 4:00 बजे श्री राम दशानन धर्मशाला (रामलीला ग्राउंड के पास), गोविंद नगर से प्रारंभ होकर बर्रा बाईपास चौराहा (ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस) तक निकाली जाएगी।
श्री श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी का यह दिव्य स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज-विरह भाव का प्रतिनिधित्व करता है। रथयात्रा इस आध्यात्मिक सत्य का प्रतीक है कि ब्रजवासी भगवान श्रीकृष्ण को द्वारका के ऐश्वर्य से पुनः वृंदावन की मधुरता की ओर ले जाना चाहते हैं। इसी परम आनंदमय आध्यात्मिक भाव का अनुभव रथयात्रा के माध्यम से प्रत्येक श्रद्धालु कर सकेगा।
कलियुग के समस्त जीवों पर अपनी असीम कृपा बरसाने के लिए अखिल ब्रह्मांड नायक भगवान श्री जगन्नाथ अपने मंदिर से बाहर निकलकर रथ पर विराजमान होंगे तथा जन-जन को अपने दिव्य दर्शन एवं सेवा का दुर्लभ अवसर प्रदान करेंगे।
रथयात्रा के दौरान हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन, मृदंग, करताल एवं अन्य वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। भक्तों के आनंदमय नृत्य एवं संकीर्तन से ऐसा प्रतीत होगा मानो स्वयं श्री पुरी धाम की दिव्य रथयात्रा कानपुर में अवतरित हो गई हो। रथयात्रा में मनोहारी सांस्कृतिक झांकियाँ प्रस्तुत की जाएँगी तथा भगवान श्री जगन्नाथ का पावन महाप्रसाद सभी श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा।
इस्कॉन कानपुर के मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी के द्वारा कानपुर एवं आसपास के समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को अपने परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों सहित इस भव्यतम श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में पधारने का हार्दिक आमंत्रण किया गया है।






