महाआयोजन को भव्य बनाने की रणनीति तैयार, समिति ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

(सोनभद्र)। चोपन ग्राम पंचायत स्थित मेड़र माई मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विश्व कल्याण महायज्ञ एवं श्रीरामचरित कथा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। सोमवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।बैठक के दौरान आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए दो तरफा आवागमन मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, पेयजल, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के आयोजक शिवकुमार निषाद ‘पहाड़ी बाबा’ ने कहा कि यह महायज्ञ और रामचरित कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि विश्व शांति, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महाअनुष्ठान है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में विश्व हिंदू महासंघ (धर्माचार्य प्रकोष्ठ) के जिलाध्यक्ष एवं आयोजन संरक्षक नागेश्वर प्रसाद गोंड, निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव संतोष साहनी, अजय साहनी, राजकुमार साहनी, विश्व हिंदू महासंघ चोपन के नगर अध्यक्ष संदीप चौरसिया सहित आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समिति ने बताया कि महायज्ञ एवं श्रीरामचरित कथा में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर की जा रही हैं। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने का संकल्प लेते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Comment