तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी दौरे पर पहुँचे जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (स्वतंत्र प्रभार) विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मंगलवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा व विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान मंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक दायरों में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को कहा कि गॉव-चौपाल संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों से मिले मुद्दों का त्वरित समाधान कर लोगों को राहत दी जाए। मंत्री ने अधिकारियों को न केवल शिकायतें सुनने बल्कि उनका निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निदान कराने पर जोर देने को कहा।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, श्रवण कुमार गौड़, अपना दल (एस) के अंजनी पटेल, उप जिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने जिले में जारी विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर मंत्री को विस्तृत ब्रीफिंग दी।
मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बैठक के बाद गॉव चौपाल कार्यक्रम में भाग लेते हुए दुद्धी तहसील के ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सक्रियता से जनता की शिकायतों का समाधान होने पर ही विकास की वास्तविक दिशा तय होगी।





