
तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – गाजीपुर
संवाददता प्रदीप दुबे
गाजीपुर। जिलाधिकारी एमपी सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक सोमवार को राइफल क्लब सभागार में हुई। इसमें जिलाधिकारी ने गंगा स्वच्छता से संबंधित विभाग, ईओ नगर पालिका/नगर पंचायत, जिला पंचायत राज विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों से जिला गंगा संरक्षण के कार्य योजना की जानकारी ली। बजटीय प्रावधान के लिए अपने-अपने विभागों की वार्षिक कार्य योजना बनाकर देने का निर्देश दिया, जिससे बजट की मांग की जा सके।
जिलाधिकारी ने गंगा नदी में गिरने वाले नालों की टैपिंग के संबंध में जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि नगर पालिका परिषद में 23 नालो में से 5 नालों की टैपिंग कर दी गई है। शेष पर कार्य चल रहा है। इस पर डीएम ने जल्द से जल्द टैपिंग का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कूड़ा डंपिंग के लिए जमीन के चिन्हीकरण के संबंध में बताया गया कि तहसील जमानिया, सैदपुर, गाजीपुर, मुहम्मदाबाद, जंगीपुर, सादात एवं दिलदारनगर में कूड़ा एकत्रित करने के लिए जमीन का चिन्हीकरण हो गया है। नगर पंचायत सैदपुर में बाउंड्रीवाल भी तैयार कर ली गई है तथा एमआरएफ बनाने की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने शेष नगर पालिका परिषद/पंचायतों में बाउंड्रीवाल बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत सैदपुर द्वारा गंगा नदी में गिरने वाले 8 नालों के बायो रेमिडीएशन के लिए 14वें वित्त आयोग को प्रस्ताव बनाकर प्रेषित किया जा चुका है, जिस पर जिलाधिकारी ने शेष पर प्रस्ताव बनाकर प्रेषित करने को को कहा। डीएम ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए गाजीपुर, जमानियां एवं सैदपुर नगर निकाय में एसटीपी निर्माण के प्रगति की समीक्षा करते हुए जलनिगम द्वारा एसटीपी तैयार कर कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी तथा समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।





