दुद्धी पुलिस ने 5.1 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।सोनभद्र पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुद्धी थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। घटना विनोद मोड़ अमवार के पास की है, जहाँ से कुल 5 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा और एक पोको मोबाइल फोन जब्त किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम विनोद मोड़ अमवार मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैदल आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर बेतरतीब रूप से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पिट्टू बैगों से भारी मात्रा में गांजा मिला।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र पुत्र विश्राम पासवान तथा बलवंत पुत्र स्व. राकेश खरवार के रूप में हुई है। दोनों ग्राम सरईगढ़, रायपुर थाना क्षेत्र सोनभद्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उन्हें सुसंगत कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर माननीय न्यायालय के सामने पेश करने के लिए रवाना कर दिया है।
गिरफ्तारी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह, मोहम्मद खालिद खां, भागीचन्द्र और आरक्षी तेजप्रकाश शामिल रहे। मामले की जांच और गांजे के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस तफ्तीश कर रही है।

Leave a Comment