तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रदीप चंद्रवंशी
केतार थाना क्षेत्र में पांच साल पहले एक फाइनेंस कर्मी को हथियार के बल पर आतंकित कर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाला फरार मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गढ़वा पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम ने रोहतास जिले के डेहरी इलाके से शातिर अपराधी अतुल राय उर्फ अतुल प्रकाश राय को धर दबोचा।आरोपी पिछले पांच वर्षों से अपनी पहचान बदलकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
*क्या थी 2021 की वह सनसनीखेज घटना?*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 फरवरी 2021 को दोपहर के वक्त केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरवा गांव के समीप दो मोटर साइकिल पर सवार चार अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था।अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक फाइनेंस कर्मी को रोक लिया और उसकी मोटर साइकिल तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
इस घटना के बाद पीड़ित के बयान पर केतार थाने में भादवि की धारा 392 के तहत कांड संख्या 0-11/21 दर्ज कराई गई थी। कांड के अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं से यह स्पष्ट हुआ था कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड अतुल राय ही था,जो घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बहुचर्चित कांड का प्राथमिक अभियुक्त अतुल राय पिता- सतेंद्र राय बक्सर बिहार निवासी रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के आसपास छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया और डेहरी के बांग्ला मोड़ के पास से उसे विधिवत गिरफ्तार कर केतार थाना लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस सनसनीखेज लूटकांड के खुलासे में पुलिस पहले ही तीन अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पूर्व में गिरफ्तार किए गए अपराधियों में कुंदन कुमार गुप्ता पिता उदय साव,
दीपक पासवान पिता संजय पासवान बांसडीह खुर्द,थाना केतार,अमरजीत चौधरी पिता अशोक चौधरी, मटीऑव,थाना चुटिया, जिला रोहतास बिहार का नाम शामिल हैं।
छापामारी दल में शामिल पुलिस अधिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर,पुलिस निरीक्षक भवनाथपुर,थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, पु०अ०नि० चन्दन कुमार साह सहित सशस्त्र शामिल थे।




