श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दुद्धी में आस्था का सैलाब, मंदिरों में चली भजन कीर्तन की लहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। शुक्रवार को कस्बा व आसपास के क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास व श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई।कस्बे के सभी प्रमुख मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी और रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद पूरी नगर श्रीकृष्ण भगवान की आराधना से गूँज उठी।
कस्बे के मुख्य मंदिरों श्री राधा-कृष्णा मंदिर,मां काली मंदिर,श्री संकटमोचन मंदिर, शिवाला शिव मंदिर, विष्णु मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, पंचदेव मंदिर, शिवाजी तालाब के शिव/हनुमान मंदिर, रामनगर शिव मंदिर तथा पुरानी कोतवाली स्थित मंदिर परिसर में विशेष पूजा अर्चना और आरती आयोजित की गई। मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण के मूर्तियों को पंचामृत दूध, दही, शहद इत्यादि से स्नान करवाकर नए वस्त्र और श्रृंगार किया गया। पूजा कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चारण व हवन से आरंभ हुए और पूरे परिसर को रंग बिरंगी झालरों व श्रीकृष्ण की झांकियों से भव्य तरीके से सजाया गया था।
अर्धरात्रि में भजन कीर्तन और जयकारों की गूँज सुनाई दी ।भक्तों ने ‘जय कन्हैया लाल की’, ‘नन्द के आनंद भयो’ तथा अन्य भजनों पर जमकर थिरके । कुछ श्रद्धालु जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान के नाम का जाप करते व उनकी लीलाओं का गुणगान करते दिखे। कई परिवारों ने अपने घरों में भी विशेष पूजा आरती का आयोजन किया।
पूजा समितियों व मंदिर व्यवस्थापन द्वारा जन्मोत्सव पर पारंपरिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस अवसर पर भगवान कृष्ण के जीवन, उपदेश और उनके संदेशों पर चर्चाएँ भी हुईं। श्रद्धालुओं ने कहा कि कृष्ण के उपदेश कर्म, वाणी व नीति में सुधार तथा समानता आज के जीवन के लिए प्रासंगिक हैं और इन्हें अपनाकर जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
नगर में सुबह से देर रात तक जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया ।जगह जगह भजन कीर्तन व कार्यक्रम रात भर चलते रहे, जिससे भक्तों को श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबने का अवसर मिला।वहीं स्थानीय पुलिस कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था में कड़ी निगरानी बनाए रखी।

Leave a Comment