तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी सोनभद्र।बभनी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज पिता के डांटने के डर से 14 वर्षीय एक मासूम छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के अनुसार,बभनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अरझट निवासी महेश कुमार का 14 वर्षीय पुत्र बादल गांव के ही एक निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे बादल अपने दोस्तों के साथ गांव से 2 किमी दूर नदी में नहाने गया था।
मृतक के फुफेरे भाई कमलेश मदन मोहन के अनुसार, नदी पर किसी साथी ने बादल से कहा कि उसके पिता उसे ढूंढ रहे हैं। पिता के डर के कारण बादल सीधा घर नहीं गया। वह घर से कुछ ही दूरी पर स्थित कुएं से नायलॉन की रस्सी लेकर करीब दो से तीन सौ मीटर दूर स्थित एक पलाश के पेड़ के पास पहुंचा और फांसी के फंदे पर झूल गया।
रविवार शाम करीब 5 बजे मृतक के चाचा मदन लाल जब खेतों में खाद डालने जा रहे थे, तब उन्होंने पलाश के पेड़ से भतीजे का शव लटकता देखा। उनके चीखने चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी मोर्चरी हाउस भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बादल अपने माता पिता का इकलौता बेटा और तीन बहनों में सबसे बड़ा था।बताया गया कि घटना के समय उसके माता पिता चपकी में अपने मिठाई दुकान पर थे ।बेटे की मौत के बाद से मां और पिता महेश का रो रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।वहीं पुलिस घटना के स्पष्ट कारणों और मामले की जांच में जुटी है ।






