तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)। शिक्षा क्षेत्र दुद्धी के जूनियर हाईस्कूल महुली में सोमवार को आयोजित संकुल स्तरीय मेधावी परीक्षा में परिषदीय विद्यालयों के नौनिहालों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा तीन, पांच, छह और आठ के विद्यार्थियों ने परीक्षा में उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी शैक्षिक क्षमता का परिचय दिया। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया।
परीक्षा प्रभारी बृजेश कुमार गुप्त, संकुल शिक्षक लोकपति वर्मा एवं परीक्षा समन्वयक शिवपूजन त्रिपाठी की देखरेख में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मूल्यांकन के बाद घोषित परिणाम में कक्षा तीन में प्राथमिक विद्यालय पतरिहा के योगेश कुमार ने प्रथम, प्राथमिक विद्यालय रसोइया के ईशु राव ने द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय डुमरा के मयंक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा पांच में प्राथमिक विद्यालय डुमरा के अमित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक विद्यालय ब्राह्मण बस्ती के इंद्रजीत द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय पतरिहा के आकर्ष दुबे तृतीय स्थान पर रहे।
इसी क्रम में कक्षा छह में उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली के आर्यन गुप्ता ने प्रथम, आयुष कुमार ने द्वितीय तथा कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय की गंगा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा आठ में उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली की प्रेमलता ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय हीराचक की आशियाना ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय डुमरा के रोहित ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
परीक्षा के दौरान कामता प्रसाद, विष्णु स्वरूप, सर्वेश कुमार सरोज, मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार, बलवंत सिंह, राजन रावत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने मेधावी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






