मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बूथों पर लगा विशेष कैंप, एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने किया निरीक्षण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी तहसील क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पहुंचे एसडीएम, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया का लिया जायजा

दुद्धी (सोनभद्र)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत शनिवार को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए दुद्धी तहसील क्षेत्र के निर्धारित मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। इस दौरान उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने क्षेत्र के बूथों पर पहुंचकर कैंप की व्यवस्थाओं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया का जायजा लिया।
विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने की सुविधा दी गई। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना तथा निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।
एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर संबंधित कर्मचारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
गौरतलब है कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अगला विशेष अभियान 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। वहीं, एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को निर्धारित है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें।
इस दौरान लेखपाल दुद्धी सुशील कुमार पांडेय, पवन अनुदेशक, सीता, अवधेश, दुष्यंत तिवारी आदि उपस्थित रहे ।

Leave a Comment