नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को किया गया सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – भास्कर चतुर्वेदी

जनप्रतिनिधियों को सम्मान समारोह में अंगवस्त्र किया भेंट

बभनी – सोनभद्र

स्थानीय ब्लाक परिसर में शुक्रवार को नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सम्मान समारोह कार्यक्रम में माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुद्धी विधायक हरीराम चेरो तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता म्योरपुर ब्लाक प्रमुख मानसिंह गोंड ने किया।
सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि विनीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भी मानदेय निर्धारित किया जाय। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार द्वारा जनता के हित के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि जनता को इसका सीधे लाभ मिल सके।पानी की समस्या को देखते हुए सरकार ने हर घर नल योजना के तहत सभी के घरों तक पानी पहुंचाने का काम सरकार कर रही है। कहा कि जनप्रतिनिधियों से कोई भी कार्य दबाव बनाकर नहीं करा सकता इसके लिए हम साथ हैं।श्री सिंह ने कहा कि विकास खंड बभनी आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है यहां शिक्षा, स्वास्थ्य की कमी है इस पर ध्यान देना आवश्यक है।सभी जनप्रतिनिधि अपने अधिकार को जाने,जब तक अपने अधिकार को नहीं जानेंगे तब तक क्षेत्र का गांव का विकास संभव नहीं है। कुंठित मानसिकता से दूर रहें हमेशा विकास के बारे में सोच रखें। उपायुक्त अरूण जौहरी ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, आवास सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि विधायक हरीराम चेरो ने कहा ग्राम पंचायत विकास की सबसे बड़ी कड़ी है। कहा कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अभी पूरी जानकारी नहीं है। ग्राम पंचायत में 29 विभाग हैं जिसका संचालन ग्राम प्रधान करता है। इसलिए नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करना जरूरी है। कहा कि बभनी ब्लाक पिछड़ा ब्लाक है इस लिए सरकार द्वारा जो भी योजनाएं संचालित की जा रही है इसका लाभ जनता मिलना चाहिए। ब्लाक में काफी भ्रष्टाचार चल रही है जिसको दूर करना आवश्यक है। उन्होंने प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष से आवाज उठाने की बात कही, इसके लिए सभी ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ब्लाक के अधिकारी और कर्मचारियों को ध्यान देने की जरूरत है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपायुक्त स्वत रोजगार एवं नोडल अधिकारी अरूण जौहरी, वन्यजीव बोर्ड के सदस्य एवं एससी एसटी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण कुमार,नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी दिग्विजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि डा व्यास चंद्र विश्वकर्मा,मोहन कुशवाहा, नगवां ब्लाक प्रमुख प्रवीण सिंह, जिला मंत्री जीतसिंह खरवार,प्रधान संघ अध्यक्ष जगदीश सिंह, बालमुकुंद जायसवाल,सुधीर पांडेय,खंड विकास अधिकारी रविकुमार सहित ब्लाक के समस्त ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment