तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – बीके आचार्या
रेणुकूट – सोनभद्र
हिण्डाल्को हॉस्पिटल रेणुकूट में प्रोजेक्ट “नेत्र ज्योति” का शुभारंभ किया गया जिसका उद्घाटन हिंडालको के सी.एच.आर.ओ. समिक बसु व हिंडाल्को रेणुकूट क्लस्टर के मुखिया एन. नागेश ने फीता काटकर किया। इस प्रोजेक्ट के तहत मरीजों की स्क्रीनिंग के पश्चात मोतियाबिन्द से ग्रसित रोगियों का चयन कर उनकी आंखों की सर्जरी कर निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया तथा चश्मा की भी वितरण किया गया।
हिंडाल्को अस्पताल रेणुकूट एवं हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रोजेक्ट के तहत पूर्व में रेणुकूट नगरीय बस्ती में दो शिविरों का आयोजन किया गया। प्रथम शिविर का आयोजन चाचा कॉलोनी में किया गया जिसमें 82 मरीजों का चेकअप किया गया उनमें से 15 मरीजों का चयन ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए किया गया। वहीं धोबिया टंकी में आयोजित दूसरे शिविर में 105 मरीजों का चेकअप किया गया जिसमें से 26 मरीजों को चयनित किया गया। गौरतलब है कि कुल मरीजों में 10 मरीजों के आंखों की सर्जरी प्रोजेक्ट “नेत्र ज्योति” के शुभारंभ के मौके पर की गई जबकि अन्य मरीजों की सर्जरी आगामी दिनों में शिविर आयोजित कर निःशुल्क की जाएगी।
इस मौके पर श्री नागेश ने कहा कि इसी प्रकार आगे भी संस्थान द्वारा आसपास के इलाकों में स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा जिससे मोतियांबन्द के रोगियों का चयन कर उनका उपचार किया जा सके जिससे वह इस बीमारी से छुटकारा पा सकें और नये सिरे से अपने जीवन की शुरुआत कर सकें। उन्होंने बताया कि शिविर में मरीजों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए ग्रामीण विकास विभाग रेणुकूट द्वारा मरीजों के लिए खाने- पीने एवं नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क की गई है।
कार्यक्रम में हिण्डाल्को रेणुकूट क्लस्टर के मानव संसाधन प्रमुख जसबीर सिंह, हिंडाल्को अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी भास्कर दत्ता, हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख अभिजीत कुमार, पब्लिसिटी एवं प्रशासनिक विभाग के प्रमुख संजय सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।






