दुद्धि को जिला बनाने की माँग फिर उठने लगी, चुनाव में किया वादा पूरा करो – पारसनाथ गुप्त

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता

रेणुकूट – सोनभद्र

रेणुकूट, पिपरी, अनपरा को तहसील बनाकर दुद्धी को जिला बनाने के लिए शुक्रवार को पिपरी स्थित उपजिलाधिकारी कोर्ट परिसर में आवाज उठाई गई। कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे मोर्चा के अध्यक्ष पारसनाथ गुप्त ने कहा कि प्रस्तावित दुद्धी जिले में 389 राजस्व गांव सम्मिलित है जिसमें दुद्धी के 305 राजस्व ग्राम तथा तहसील राबर्ट्सगंज के चोपन व नवसृजित कोन ब्लाक के सोन नदी के दक्षिण में स्थित राजस्व ग्रामों को सम्मिलित किया गया है, जिसकी कुल आबादी 14 लाख तथा क्षेत्रफल 2380 वर्ग किलोमीटर है। इसके पूर्व में वर्तमान जिला शामली में 284, बागपत में 287, हापुड़ में 331, गौतम बुद्ध नगर में 381 राजस्व ग्राम सम्मिलित हैं। इन चारों के राजस्व ग्राम के हिसाब से प्रस्तावित दुद्धी जिला बड़ा है, जिसमें दुद्धी व ओबरा तहसील के साथ प्रस्तावित अनपरा व पिपरी भी शामिल हैं। इसी प्रकार जनसंख्या वाले जिले महोबा में 878055, हमीरपुर 1104021, श्रावस्ती 1114815, शामली में 1291541, बागपत में 1302156, औरैया 1372267 जैसे 6 जिले जनसंख्या में प्रस्तावित जिले से छोटे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता अखिलेश सिंह ने कहा कि क्षेत्रफल की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में वर्तमान 34 जिले प्रस्तावित जिले से आकार में छोटे हैं इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिले की जनसंख्या 598685 क्षेत्रफल व वर्गफल 3805 वर्ग किलोमीटर सूरजपुर की जनसंख्या 660280 व क्षेत्रफल 3806 वर्ग किलोमीटर है इसके बावजूद दुद्धी को जिला नहीं बनाया जा रहा है। पूर्व में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा विधानसभा चुनाव प्रचार के समय जिला बनाने का वादा भी किया जा चुका है। बड़े जिलों को छोटे छोटे जिलों में विभाजित कर अधिकतम विकास कर तथा अंतिम जनता तक न्याय व्यवस्था एवं विकास कार्य को पहुंचाया जा सकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी रमेश कुमार को सौंपा गया। इस मौके पर नागेंद्र श्रीवास्तव, प्रमोद जायसवाल, विजय पटेल समेत बड़ी संख्या में वकील व अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment