तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –
कानपुर/महेंद्र राज शुक्ल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लखनऊ में होने वाली रैली में बूथ स्तर तक से कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचें। यह निर्देश सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के कार्यालय में बैठक के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में प्रधानमंत्री की रैली प्रस्तावित है। इस रैली में क्षेत्र के सभी जिलों से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पहुंचना है। ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंचना है,इसलिए वाहन की व्यवस्था भी कर ली जाए।सभी तैयारियां अभी से कर ली जाएं ताकि अंतिम मौके पर समस्या ना हो।
प्रधानमंत्री की लखनऊ में रैली नौ जनवरी को प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि जिले में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के जो भी लाभार्थी हैं,उनके घर जाएं और उन्हें कुमकुम का टीका लगाएं। इसके साथ ही उनका वोट भाजपा को मिले,यह भी निवेदन करें।
उन्होंने सभी बूथ इकाइयों को लगातार सक्रिय बनाए रखने के लिए कहा।चुनाव का मंत्र है,बूथ जीता, चुनाव जीता।इसलिए सभी जिला प्रभारी अपने प्रभार वाले जिलों में लगातार प्रवास करें।जिलाध्यक्ष जिला प्रभारियों के साथ मंडलों में प्रवास करते हुए बूथ इकाई स्तर पर जाएं।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने की।बैठक में प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी व सांसद सुधीर गुप्ता केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी,प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सलिल विश्नोई, कमलावती सिंह,प्रदेश मंत्री देवेश कोरी, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज,डा.बीना आर्या,कृष्ण मुरारी शुक्ल,अविनाश सिंह चौहान,रामनरेश तिवारी रहे।






