चुनावी रंजिश के चलते झूठी शिकायतें करने का आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप पाल

हनुमानगढ़ / राजस्थान

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने की कांग्रेस पार्षद की सदस्यता समाप्त करने की मांग

मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस के एक वार्ड पार्षद पर अनैतिक कृत्यों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पार्षद की सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि टाउन शहर के वार्ड 33, पारीक कॉलोनी में सुभाष चन्द्र पारीक पुत्र राधाकृष्ण पारीक किरयाना की दुकान संचालित करता है। सुभाष से इसी वार्ड का पार्षद चुनावी रंजिश रखता है। इसी रंजिश के दृष्टिगत दो-तीन दिन बाद कोई न कोई समस्या पैदा करता रहता है। पार्षद की ओर से मोहल्ले में रहने वाले गरीब और अनपढ़ लोगों के मोबाइल नम्बर और आधार नम्बर लेकर राजस्थान सम्पर्क पोर्टल 181 पर झूठी शिकायतें दर्ज करवा कर सुभाष पारीक को तंग-परेशान किया जाता है। एक तरफ सुभाष को मानसिक परेशानी होती है वहीं दूसरी तरफ जांच के नाम पर प्रशासन भी परेशान होता है। साथ ही प्रशासन के अधिकारियों का बहुमूल्य समय जाया होता है। जब इन शिकायतों की जांच की जाती है तो जिस मोबाइल नम्बर से पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई होती है उसके मालिक को पता ही नहीं होता है। मोबाइल नम्बर मालिक को खाद्य सुरक्षा योजना से नाम हटाने की धमकी देकर उनके मोबाइल नम्बर का दुरूपयोग करना न केवल धोखाधड़ी का कृत्य है बल्कि अनपढ़ और भोले-भाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। पुलिस जब पूछताछ के लिए इन लोगों के पास आती है या किसी अन्य विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी आता है तो ये लोग उसके पैरों में गिड़गिड़ा कर गिर जाते हैं और क्षमा याचना करते हैं कि उनकी ओर से इस तरीके की कोई शिकायत नहीं की गई है। बेनीवाल के अनुसार पिछले 2 माह में इस तरीके की 4-5 घटनाएं घट चुकी हैं। यह वार्ड पार्षद एक अपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है तथा अनैतिक गतिविधियों में शामिल है। चर्चा है कि यह लॉरेंस बिश्नोई गुट से जुड़ा हुआ है तथा इसका भाई इस प्रकरण में लगभग 1 माह जेल में रह कर आया। ये स्वयं भी इस प्रकरण में शामिल था जिसमें सांठ-गांठ कर अपना नाम निकलवा लिया। इसके खिलाफ कई अन्य प्रकरण भी दर्ज हैं। बेनीवाल ने कहा कि इस तरीके के अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों को कांग्रेस पार्टी की ओर से टिकट दिया जाना उचित नहीं है। ऐसे लोग समाज और कांग्रेस पार्टी का भला नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यक्ति सुभाष पारीक के साथ किसी भी हद तक किसी भी घटना को कारित करने के लिए जा सकता है। अगर भविष्य में सुभाष पारीक के साथ किसी भी प्रकार की कोई अनहोनी होती है तो उसकी जिम्मेवारी पार्षद व उसके परिवार की होगी। बेनीवाल ने कहा कि अगर सुभाष पारीक कहीं भी दोषी है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि सुभाष पारीक दोषी नहीं है तो लोगों को डरा-धमका कर उनके मोबाइल नम्बर और आधार कार्ड नम्बर का दुरूपयोग करने वाले पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी सदस्यता समाप्त की जाए। उसके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए। क्योंकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई न किया जाना तथा उनका पार्टी स्तर पर बचाव करना समाज हित में नहीं है। ज्ञापन में जिला कलक्टर से भी अपने स्तर पर इस पूरे प्रकरण की जांच करवा कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
क्या बोले पार्षद
उधर, वार्ड पार्षद प्रमोद सोनी के अनुसार उनके वार्ड में खुली सुभाष पारीक की दुकान पर देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने उन्हें समस्या से अवगत करवाया तो उन्होंने वार्डवासियों को इसकी ऑनलाइन शिकायत करने को कहा। वार्डवासियों ने स्वयं ऑनलाइन शिकायत की ताकि वह देर रात तक दुकान खुली न रखे। आम आदमी पार्टी की ओर से उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।

Leave a Comment