पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 90 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

IMG-20251016-WA0035

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र ओबरा आगामी दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए ओबरा पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में बीती रात ओबरा थाना पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारकर लगभग 90 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.85 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी ओबरा शहर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। 15/16 अक्टूबर 2025 की दरमियानी रात ओबरा पुलिस को सूचना मिली कि गजराज नगर स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम आर. के. एजेंसी, स्वामी मिंटू कुमार गोयल पुत्र स्वर्गीय हेमराज गोयल, के गोदाम पर पहुंची और वहां छापा मारा।छापेमारी के दौरान पांच पेटियों और दो बोरियों में रखे गए विभिन्न प्रकार के 90 किलो अवैध पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त किए गए पटाखों को कब्जे में लेकर नमूना जांच हेतु भेजा। आरोपी मिंटू कुमार गोयल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9 ख(1)ख के तहत मुकदमा अपराध संख्या 236/2025 ओबरा थाने में दर्ज किया गया है।इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक विष्णूप्रभा सिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण राम, हेड कांस्टेबल नीरज राय, तथा कांस्टेबल यशवंत सरोज की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहना पत्र देने की घोषणा की है।पुलिस का कहना है कि दीपावली व छठ पर्वों को लेकर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल अधिकृत दुकानों से ही पटाखे खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

About the Author

Leave a Reply