तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के धनबहवा टोला में मंगलवार की सुबह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। टीम की अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल तब देखने को मिला जब पुलिस और आबकारी अमले ने टोले के करीब दर्जनभर घरों की तलाशी शुरू की।जानकारी के अनुसार, अभियान का नेतृत्व बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक ने किया, जबकि आबकारी निरीक्षक की देखरेख में टीम ने व्यापक तलाशी अभियान संचालित किया। इस दौरान टीम ने कुल 12 घरों की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान अयोध्या प्रसाद और विकास विश्वकर्मा नामक दो व्यक्तियों के घरों से पांच-पांच लीटर महुए की कच्ची अवैध शराब बरामद की गई।अधिकारीयों ने मौके पर ही शराब बनाने में प्रयुक्त बड़े पैमाने पर लहन और अन्य उपकरणों को नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्हें मौके पर मौजूद पुलिस ने संयम बरतने की अपील की।अभियान के उपरांत प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और व्यापार पर पूर्ण प्रतिबंध है, और ऐसे कार्यों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज करते हुए आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।अधिकारियों ने यह भी कहा कि यह छापेमारी अभियान क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग का यह संयुक्त अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा, ताकि गांवों में हो रहे अवैध कच्ची शराब के निर्माण और तस्करी को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।






