सोनभद्र में एसजेपीयू एवं एएचटीयू की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, बाल संरक्षण और न्यायिक प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क, जनपद सोनभद्र के सभागार कक्ष में एसजेपीयू (स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट) एवं एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने की।बैठक के दौरान विभिन्न थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर किशोर न्याय अधिनियम (जे.जे. एक्ट) और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों के संबंध में कार्यवाही, पॉक्सो मामलों में पीड़िताओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, प्रारूप ‘क’ एवं ‘ख’ भरने में आ रही समस्याओं, किशोर न्याय बोर्ड से निर्गत सम्मन तामीला तथा मामले के विवेचन के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों के निस्तारण में संवेदन शीलता और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले नाबालिगों के साथ नियमा नुसार व्यवहार किया जाना चाहिए तथा प्रत्येक अधिकारी को आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा।बैठक में अध्यक्ष/सदस्य बाल कल्याण समिति, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी, अभियोजन अधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, बाल गृह बालिका की प्रभारी, वन स्टॉप सेन्टर, थाना आरपीएफ, थाना एएचटीयू, एसजेपीयू सहित समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।एएसपी ने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने, पीड़ितों को न्याय और सहायता प्रदान करने तथा बाल तस्करी एवं शोषण के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए बाल सुरक्षा से जुड़े अभियानों को और प्रभावी बनाने के उपायों पर भी विचार किया गया।

Leave a Comment