तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।थाना चोपन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम सलखन बरवा टोला निवासी अनिल कुमार पुत्र बुधिराम के साथ 28 सितंबर 2025 को अज्ञात व्यक्तियों ने धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक से जुड़े मोबाइल नंबर का कोड प्राप्त कर फोन-पे एप के माध्यम से उनके खाते से 70 हजार रुपये किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर लिए थे।घटना की सूचना मिलते ही थाना चोपन की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित से विस्तारपूर्वक पूछताछ की और ट्रांजैक्शन संबंधी सभी जरूरी दस्तावेज एकत्रित कर साइबर पुलिस पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज की। इसके बाद टीम ने साइबर पोर्टल का विश्लेषण करते हुए संबंधित बैंक खातों में फ्रॉड की गई राशि को होल्ड कराया। लगातार ईमेल और आवश्यक पत्राचार के माध्यम से बैंक शाखाओं से संवाद बनाए रखते हुए टीम ने अथक प्रयासों के बाद आखिरकार पीड़ित की पूरी राशि 70,000 रुपये उसके मूल बैंक खाते में 30 अक्तूबर 2025 को सफलतापूर्वक वापस करा दी।इस उल्लेखनीय कार्यवाही पर पीड़ित अनिल कुमार ने थाना चोपन की साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।इस कार्य में प्रभारी निरीक्षक श्री कुमुद शेखर सिंह और कॉन्स्टेबल सुनील कुमार (साइबर हेल्प डेस्क) की अहम भूमिका रही। यह सफलता पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में संभव हो सकी।साइबर जागरूकता अपील:
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अपने नेट बैंकिंग, यूपी आई पिन या सोशल मीडिया पासवर्ड में कभी भी अपना नाम, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर का प्रयोग न करें। पासवर्ड बनाते समय अल्फा न्यूमेरिक और विशेष चिन्हों का उपयोग करते हुए उसे जटिल बनाएं। याद रखें, यूपी आई पिन और क्यू आर कोड स्कैन का प्रयोग केवल भुगतान करने के लिए होता है, न कि धन प्राप्त करने के लिए।






