सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस ने नई आपराधिक संहिताओं को लेकर चलाया जनजागरूकता अभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को थाना हाथीनाला के प्रभारी निरीक्षक द्वारा सार्वजनिक स्थल पर लोगों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने हेतु एक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को भारत में लागू नई आपराधिक संहिताओं के बारे में जागरूक करना और उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति संवेदन शील बनाना था।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजन को बताया गया कि 01 जुलाई 2024 से देश में तीन नए आपराधिक कानून प्रभावी किए जा चुके हैं भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)। ये तीनों संहिताएँ पुराने दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह लागू की गई हैं, जिनका उद्देश्य अधिक न्यायसंगत, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित न्याय प्रणाली स्थापित करना है।प्रभारी निरीक्षक ने जनता को जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसे आधुनिक प्रावधानों के बारे में बताया, जिससे नागरिक अब कहीं से भी तुरंत प्राथमिकी दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने समयबद्ध न्याय की प्रक्रिया, महिला एवं बाल संरक्षण संबंधी विशेष प्रावधान, अपराध जांच में फॉरेन्सिक विज्ञान और डिजिटल तकनीक के उपयोग, तथा पीड़ित-केंद्रित न्याय प्रणाली की विशेषताओं पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन नए कानूनों का उद्देश्य नागरिकों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को सरल, तीव्र और सुलभ बनाना है।इसी क्रम में थाना रायपुर पुलिस द्वारा छत्रपति साहूजी महाराज कॉलेज कम्हरिया परिसर में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को तीनों नई संहिताओं के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया और समझाया कि इन कानूनों से नागरिक अधिकारों की रक्षा, डिजिटल युग में न्याय प्रणाली की पारदर्शिता और अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया को और सशक्त बनाया गया है।कॉलेज के शिक्षकों और छात्रों ने पुलिस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ युवाओं में विधिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाती हैं। कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नए कानूनों की जानकारी प्राप्त करें, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहें तथा समाज में विधि-पालन की संस्कृति को बढ़ावा दें।

Leave a Comment