तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा (सोनभद्र)। मातृत्व फाउंडेशन सोनभद्र द्वारा देव दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर श्री गीता मंदिर, ओबरा में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आगामी 5 नवंबर 2025, दिन बुधवार को निर्धारित हुआ है। फाउंडेशन के अध्यक्ष शंकर भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और भारतीय संस्कृति की परंपराओं को जीवित रखना है।उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल छह स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक विद्यालय से छह बच्चों की टीम भाग लेगी, जो अपनी अध्यापिका के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। प्रतियोगिता प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इस दौरान बच्चे रंगोली के माध्यम से अपनी कलात्मकता का प्रदर्शन करेंगे।निर्णायक मंडल द्वारा सभी रंगोलियों का अवलोकन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्कूलों और विद्यार्थियों की घोषणा की जाएगी। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्मृति चिन्ह भी दिए जाएंगे।शाम के सत्र में विशेष आकर्षण के रूप में सभी स्कूलों के बच्चों द्वारा अपनी बनाई रंगोलियों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। यह दीपोत्सव समारोह सायं 5 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें अतिथि गण एवं स्थानीय नागरिक भी सम्मिलित होंगे। सभी दीप प्रज्वलित होने के बाद श्री गीता मंदिर परिसर में भव्य प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।अध्यक्ष शंकर भारद्वाज ने बताया कि मातृत्व फाउंडेशन का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक और सांस्कृतिक भावना जागृत करना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए फाउंडेशन की पूरी टीम तैयारी में जुटी हुई है।






