तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/ओबरा। आगामी देव दीपावली महापर्व (5 नवंबर 2025) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और मर्यादित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। मंगलवार को ओबरा थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की दूसरी बैठक में क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे और थाना प्रभारी विजय चौरसिया ने विस्तृत सुरक्षा योजना और विधिक निर्देश जारी किए। बैठक में युवा जागरण मंच और सामाजिक प्रगति परिषद सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।सीओ हर्ष पांडे ने कहा कि पुलिस प्रशासन पर्व की पवित्रता और जनसुरक्षा पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा। उन्होंने असामाजिक तत्वों और मनचलों को सचेत करते हुए कहा कि अभद्रता या अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रशासन ने देव दीपावली आयोजकों को निम्नलिखित पाँच प्रमुख विधिक निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है—कार्यक्रम बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के आयोजित न किया जाए।पर्याप्त संख्या में अनुशासनप्रिय स्वयंसेवकों की तैनाती हो।किसी भी अश्लील नृत्य या गीत का आयोजन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।मंच तथा विद्युत व्यवस्था की गुणवत्ता की पूर्व जांच अनिवार्य होगी।भीड़ नियंत्रण हेतु अलग प्रवेश और निकास मार्ग की व्यवस्था की जाए।पुलिस और सामाजिक संगठनों की संयुक्त तैयारी से ओबरा क्षेत्र में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, सुरक्षा और मर्यादा के साथ मनाए जाने की पूरी संभावना है।






