तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में सिंचाई विभाग की नहर पुलिया के पास शटरिंग लदे ट्रैक्टर के नीचे गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए,सीएचसी दुद्धी में घायलों का इलाज जारी है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना आज बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई गई। बताया जा रहा है कि जाबर से बिल्डिंग शटरिंग लादकर बीजपुर की ओर जा रहा था कि ट्रैक्टर डुमरडीहा में सामने खड़ी गाड़ी के कारण बगल से निकलने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर पुलिया के नीचे जा गिरा।
हादसे में 18 वर्षीय बाबूलाल, पुत्र स्व अज्ञात ,जो अपने नाना रामदेव अगरिया के यहां रहता था ,की मौके पर ही मौत हो गई।घायलों के अनुसार मृतक के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका था और वह नाना-नानी के घर रहकर जीवन यापन कर रहे थे।
घायलों में रामखेलावन पुत्र रामवृक्ष अगरिया (28) और चालक सोना बच्चा पुत्र किसुन दास ( 29), दोनों निवासी रजमिलान थाना बीजपुर, शामिल हैं। दोनों को दुद्धी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा चले प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को बाहर निकलवाया और आवश्यक विधिक कार्रवाई की।बताया गया कि शव को अस्पताल भेजने के लिए पुलिस ने एम्बुलेंस को सूचित किया, लेकिन करीब घंटे भर इंतजार के बाद भी वह नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस को निजी पिकअप वाहन से शव को दुद्धी सीएचसी भिजवाना पड़ा।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। हादसे के कारणों की जांच के साथ ही आगे की कार्रवाई जारी है।






