तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की धनराशि की रिकवरी के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना चोपन पुलिस की साइबर टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। टीम ने तत्परता से कार्यवाही कर एक आवेदक के खाते से धोखाधड़ी से निकाली गई 1,88,127 रुपये की धनराशि वापस कराई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोपन कस्बे के अग्रवाल मार्केट निवासी धीरज जायसवाल पुत्र नागेन्द्र जायसवाल के साथ अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को आरटीओ अधिकारी बताकर लाइसेंस बनवाने के नाम पर मात्र पांच रुपये का भुगतान करने हेतु एक लिंक भेजा था। आवेदक द्वारा लिंक पर क्लिक करते ही उसके बैंक खाते से 1,89,500 रुपये की धोखाधड़ी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना चोपन की साइबर टीम ने आवेदक से संबंधित दस्तावेज व ट्रांजैक्शन डिटेल प्राप्त कर साइबर पुलिस पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज की।टीम ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए धोखाधड़ी की धनराशि को मेहसाणा (गुजरात), मोतिहारी (बिहार), दिल्ली, महाराष्ट्र, विशाखा पत्तनम (आंध्रप्रदेश) और इंदौर (मध्यप्रदेश) स्थित संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया। तत्पश्चात NCRP पोर्टल से साक्ष्य संकलन कर बैंक शाखाओं से सतत संवाद बनाए रखते हुए धनवापसी की पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।परिणाम स्वरूप आज आवेदक के खाते में कुल 1,88,127 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई। आवेदक ने इस कार्यवाही के लिए थाना चोपन की साइबर टीम की सराहना की और पुलिस प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।धनराशि वापस कराने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना चोपन कुमुद शेखर सिंह तथा कांस्टेबल सुनील रावत (साइबर हेल्प डेस्क, थाना चोपन) शामिल रहे।साइबर जागरूकता हेतु अपील किसी भी कंपनी या बैंक के कस्टमर केयर नंबर गूगल से सर्च न करें, केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही लें मोबाइल का GPS, Bluetooth, NFC, Hotspot व WiFi तभी ऑन रखें जब आवश्यकता हो पब्लिक WiFi नेटवर्क पर ऑनलाइन शॉपिंग या बैंकिंग ट्रांजैक्शन न करें ध्यान रखें कि UPI पिन या QR कोड केवल भुगतान के लिए होते हैं, न कि धन प्राप्त करने के लिए।किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। यदि कभी साइबर फ्रॉड हो जाए तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।






