तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 131 ग्राम सोने के आभूषण और 2.900 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई जा रही है।घटना के अनुसार, बलरामपुर (छत्तीसगढ़) के वाड्रफनगर निवासी गिरीश कुमार सोनी ने 16 अक्टूबर को रॉबर्ट्सगंज थाने में तहरीर दी थी कि वह 15 अक्टूबर को व्यवसायिक कार्य से वाराणसी गया था और वहां से वाड्रफनगर लौटते समय बस में उसका बैग चोरी हो गया, जिसमें 140 ग्राम सोना और लगभग 3 किलोग्राम चांदी थी।शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 8 नवंबर की रात मध्यप्रदेश के जिला धार के थाना मानवर क्षेत्र के टोंकी रोड से सफीक खान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी गए आभूषण बरामद हुए, जिन्हें वह बेचने जा रहा था।पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथी जाबिर, अशफाक और आबिद के साथ वाराणसी से चोरी की योजना बनाई थी। व्यापारी के बस में सवार होने के बाद वे लगातार उसका पीछा करते रहे और जब बस उरमौरा ढाबा पर रुकी तथा व्यापारी खाने के लिए नीचे उतरे, तभी मौका पाकर बैग से गहने चोरी कर लिए और धार (मध्यप्रदेश) भाग गए।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सफीक खान पुत्र हसन अली, निवासी खेरवाजगीर, थाना मानवर, जिला धार (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। उसके तीन साथी जाबिर, अशफाक और आबिद फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।बरामदगी में शामिल आभूषणों में 131 ग्राम सोना और 2.900 किलोग्राम चांदी शामिल है। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, मुख्य आरक्षी विपिन कुमार जायसवाल, कांस्टेबल शिवम मौर्य (सर्विलांस सेल) और कांस्टेबल रितेश पटेल (एसओजी) शामिल रहे।पुलिस ने बरामद जेवरात को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। चोरी की वारदात का सफल अनावरण करने पर पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।






