तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी टोला खैरटिया में बुधवार की देर शाम कवि, साहित्यकार, पत्रकार एवं शिक्षक श्यामबिहारी मधुर के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही न केवल उनके गृह क्षेत्र अवई (ग्राम सभा मारकुंडी, विकास खण्ड सदर) में शोक व्याप्त हो गया, बल्कि सोनभद्र के साहित्यिक, शैक्षणिक और पत्रकारिता जगत में भी गहन दुःख का माहौल बन गया।श्यामबिहारी मधुर चोपन विकास खण्ड के अंतर्गत कारागार प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत थे। वे अपने मधुर भाषण, सौम्य स्वभाव और रचनात्मक प्रतिभा के लिए जाने जाते थे। समाज और संस्कृति से गहरा लगाव रखने वाले श्यामबिहारी मधुर अपने लेखन और विचारों से लोगों को प्रेरित किया करते थे।उनकी स्मृति में ग्राम खैरटिया में अम्बेडकर मूर्ति के पास श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। कार्यक्रम का संचालन वंदे भारत न्यूज़ चैनल के जिला संवाददाता विकास कुमार हलचल के देखरेख में किया गया।श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि श्यामबिहारी मधुर का निधन समाज के लिए अपूर्ण क्षति है। वे न केवल एक उत्कृष्ट शिक्षक थे बल्कि एक संवेदनशील कवि और जागरूक पत्रकार भी रहे। उन्होंने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में जो योगदान दिया, उसे सदैव याद किया जाएगा।श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में अमरनाथ उजाला, सूर्यबली गौतम, अमरनाथ यादव, दीपक विश्वकर्मा, कमलेश कुमार, कुलदीप पासवान, संदीप कुमार, राधेश्याम गौतम, चंद्रकांत राव, बबलू रंगीला, मनोज यादव, शशि लाइनमैन, रोहित कुमार सहित अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।दिवंगत आत्मा की स्मृति में लोगों ने उनके बताये मार्ग पर चलने और समाज में शिक्षा व संस्कार के प्रसार का संकल्प भी लिया। पूरे क्षेत्र में श्यामबिहारी मधुर के निधन से व्याप्त शोक की छाया ने हर व्यक्ति को भावविभोर कर दिया है।






