दमन में सप्तदिवसीय 21 कुंडीय शिव–शक्ति अर्धनारीश्वर महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ में उमड़ा श्रद्धा और सेवा का संगम

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट द्वारा दमन में आयोजित सप्तदिवसीय 21 कुंडीय शिव–शक्ति अर्धनारीश्वर महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के पावन अवसर पर 11 से 15 नवम्बर तक पंच दिवसीय विशाल निःशुल्क पूरक चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। विश्व की द्वितीय किन्नर कथावाचक परम पूज्य बहन हेमलता सखी जी के दिव्य सानिध्य में चल रहे इस महान आयोजन में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।शिविर में देशभर से आए सैकड़ों श्रद्धालु और रोगी लाभान्वित हुए। इस कार्य में योगदर्शनाचार्य स्वामी ध्यानानंद जी तथा ट्रस्ट के संस्थापक, अथर्ववेद धूपन चिकित्सा के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी रवि प्रकाश चौबे जी की सक्रिय उपस्थिति से आयोजन को विशेष स्वरूप प्राप्त हुआ। दोनों ने प्राकृतिक आयुर्वेदिक चिकित्सा, योग चिकित्सा और फीजियोथेरेपी के माध्यम से असंख्य असाध्य रोगियों का उपचार किया।उल्लेखनीय है कि रवि प्रकाश चौबे जी ने करीब 1800 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर गुप्तकाशी से दमन/दिऊ पहुंचकर बिना विश्राम के रोगियों की सेवा में स्वयं को समर्पित रखा। उनकी त्यागमयी सेवा भावना से पूरा परिसर भावविभोर हो उठा और श्रद्धालु उनकी निस्वार्थ सेवा भावना से प्रेरित दिखे।शिविर में पुराने दर्द, नस-जोड़ों के रोग, स्नायविक विकार, सर्वाइकल, कमर और घुटने के दर्द सहित श्वसन संबंधी परेशानियों का प्राकृतिक और योग आधारित उपचार किया गया। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य-संवर्धन हेतु जीवनशैली सुधार संबंधित परामर्श भी प्रदान किया गया।उधर, शिव–शक्ति अर्धनारीश्वर महायज्ञ के दौरान परम पूज्य कथा व्यास हेमलता सखी जी द्वारा भागवत कथा का अमृतमय प्रवचन प्रतिदिन सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। कथा और चिकित्सा सेवा के इस अद्भुत संगम ने दमन के धार्मिक वातावरण को पुण्य और ऊर्जा से भर दिया है।आयोजन समिति के अनुसार, गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट का यह प्रयास समाज में स्वास्थ्य, सेवा और अध्यात्म की त्रिवेणी को सशक्त रूप से स्थापित कर रहा है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने चिकित्सा सेवा दल के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी रमेश चतुर्वेदी, ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी सौरभ कान्तपति तिवारी, पार्थ सारथी, अंगद मिश्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Comment