तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के तत्वावधान में मंगलवार 18 नवंबर 2025 को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश शैलेंद्र यादव ने संबोधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करना है। इस लोक अदालत में आपराधिक वाद, Negotiable Instruments Act की धारा 138 से संबंधित मामले, आर्बिट्रेशन एवं पेट्टी ऑफेंसेस, भूमि अधिग्रहण, विद्युत एवं जल बिल, सर्विस एवं भत्तों से जुड़े विवाद, सेवानीवृत्ति लाभ से संबंधित मामले, राजस्व विवाद, अन्य सिविल वाद तथा विशिष्ट अनुतोष वाद जैसे मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन वादों का भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।बैठक के दौरान सचिव ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों में लंबित और सुलह योग्य प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की सूची तैयार कर नोटिस तामिला सुनिश्चित करें, ताकि लोक अदालत में यथासंभव अधिक मामलों का समाधान किया जा सके। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए कहा कि इसके माध्यम से जनता को न्यायिक जागरूकता के साथ त्वरित निस्तारण का लाभ मिलेगा।बैठक में जिला पंचायत सोनभद्र के अपर मुख्य अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिलापूर्ति अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, यातायात क्षेत्राधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एडीपीआरओ सोनभद्र तथा टीआरएफ सोनभद्र के प्रभारी कृष्ण कुमार शुक्ला की उपस्थिति रही।






