तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र विंढमगंज थाना क्षेत्र के गोइठा गांव निवासी समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष सुरेश यादव (45 वर्ष) पुत्र अवध प्रसाद का शव मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक का शव छत्तरपुर स्थित जूनियर स्कूल के उत्तरी मोड़ के समीप वन विभाग द्वारा खोदी गई सुरक्षा खाई में उनकी मोटरसाइकिल समेत पड़ा था। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।सुबह कुछ राहगीरों ने जब खाई में गिरे वाहन को देखा तो पास जाकर निरीक्षण किया, जहां उन्हें एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना ग्राम प्रधान को दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पहचान कराई, जिसमें मृतक की पहचान गोइठा निवासी सुरेश यादव के रूप में हुई।सुरेश यादव अपने सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पाकर अनेक जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे, जिनमें पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदीश प्रसाद यादव, सपा सेक्टर प्रभारी शिव कुमार यादव, गोइठा प्रधान गरीबा पाल, हरपुरा प्रधान खुशिहाल यादव, मनोज कुमार, नारदमूनी यादव, राजकुमार यादव और रामचंद्र यादव सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।ग्रामीणों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सुरेश यादव के स्वभाव और इलाके में अच्छे संबंधों के बावजूद इस तरह की घटना स्वाभाविक प्रतीत नहीं होती। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लगाया जा सकेगा।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। स्थानीय लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारणों और संभावित संलिप्त लोगों का खुलासा किया जाए।शोकाकुल परिवार और समर्थकों का कहना है कि सुरेश यादव का जाना क्षेत्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मंगलवार को देर शाम तक गांव में शोक का माहौल बना रहा और लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर जुटते रहे।






