पुलिस अधीक्षक ने जनता की समस्याएँ सुनीं, पारदर्शी व संवेदनशील पुलिसिंग पर दिया जोर

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें व समस्याएँ ध्यानपूर्वक सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की गहराई से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी व परिणामपरक बनाना आवश्यक है, ताकि जनता को राहत मिल सके और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि महिला हेल्पडेस्क और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील बनाया जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय न आना पड़े। जिलास्तर से लेकर थाना स्तर तक समस्याओं का समाधान ही प्रभावी प्रशासन की पहचान है।पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि थाना ही जनता का पहला संपर्क बिंदु होता है। इसलिए थाने पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ व्यवहार में सौम्यता, पारदर्शिता व संवेदनशीलता जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की बात को ध्यानपूर्वक सुनकर तत्काल कार्रवाई करें और समाधान की सूचना भी समय पर दें।इसी क्रम में उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थानों और कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई करें तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।जनसुनवाई कार्यक्रम की इस व्यवस्था से पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग की भावना मजबूत हो रही है। इससे लोगों में यह भावना भी परिलक्षित हो रही है कि अब उनकी समस्याओं को सुनने और हल करने के लिए पुलिस तत्पर और जवाबदेह है।

Leave a Comment